विशेष

पाकिस्तान में 400 रुपए दर्जन मिल रहे अंडे:प्याज 250 रुपए किलो हुई; केयर टेकर सरकार में बढ़ा 12.43 लाख करोड़ का कर्ज

 

पाकिस्तान में 8 फरवरी को होने वाले आम चुनाव से पहले महंगाई आसमान छू रही है। लाहौर में एक दर्जन अंडों की कीमत 400 पाकिस्तानी रुपए (PKR) हो चुकी है। वहीं प्याज 250 रुपए किलो बिक रही है। ARY न्यूज के मुताबिक ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि प्रशासन सरकारी दामों को लागू करने में फेल रहा है।

 

सरकार ने प्याज की कीमत 175 पाकिस्तानी रुपए प्रति किलो तय की हुई है, लेकिन बाजार में यह लगभग 100 रुपए ज्यादा की कीमत पर बिक रही है। चिकन भी 615 रुपए प्रति किलो मिल रहा है।

इन हालत के बीच पाकिस्तान की इकोनॉमिक कोर्डिनेशन कमेटी ने वहां की नेशनल प्राइस मॉनिटरिंग कमेटी को निर्देश दिए हैं कि वे लोकल प्रशासन से रोजमर्रा की चीजों के दाम कंट्रोल कराने में मदद करे।

 

पाकिस्तान में पिछले साल आटे के दाम बढ़ने से कई इलाकों में भगदड़ मचने से लोगों की मौत हो गई थी।

पाकिस्तान पर 63 लाख करोड़ का कर्ज
पाकिस्तान में महंगाई के ये आंकड़े उस वक्त आ रहे हैं जब उस पर कुल कर्ज बढ़कर 63.39 लाख करोड़ PKR हो गया है। केयर टेकर सरकार में पाकिस्तान के कर्ज में 12.43 लाख करोड़ PKR की बढ़ोतरी हुई है। इसमें 40.95 लाख करोड़ घरेलू कर्ज और अंतरराष्ट्रीय कर्ज 22.43 लाख करोड़ रुपए का है।

पाकिस्तान के आर्थिक हालात को लेकर वर्ल्ड बैंक ने हाल ही में एक रिपोर्ट जारी की है। इसके मुताबिक पाकिस्तान में आने वाले समय में थोड़ा बहुत जो विकास होगा वह अमीरों तक ही सीमित रहेगा। इसके चलते पाकिस्तान आर्थिक संकट के मद्देनजर अपने साथी देशों से बहुत पिछड़ गया है।

पाकिस्तान के लिए विश्व बैंक के निदेशक नेजी बेन्हासिन ने कहा कि पाकिस्तान का आर्थिक मॉडल अप्रभावी हो गया है और गरीबी फिर से बढ़ने लगी है। बेन्हासिन ने कहा कि पाकिस्तान में आर्थिक विकास टिकाऊ नहीं है।

पाकिस्तान में मुनाफाखोरी बढ़ी
पिछले महीने राजस्व और आर्थिक मामलों के कार्यवाहक मंत्री शमशाद अख्तर की अध्यक्षता में एक बैठक हुई थी। इसमें सामने आया था कि मुल्क में हाल ही के दिनों में महंगाई के चलते जमाखोरी और मुनाफाखोरी बढ़ी है। इसे रोकने के लिए प्रांतीय सरकारों के साथ मिलकर काम करने के आदेश दिए गए थे। हालांकि, इन आदेशों का फर्क नहीं पड़ा।

 

3 दिन पहले पाकिस्तान को मिला था 700 मिलियन डॉलर का बेल आउट पैकेज
पाकिस्तान को तीन दिन पहले ही इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (IMF) से 700 मिलियन डॉलर, यानी 58 हजार करोड़ रुपए का कर्ज मिला था। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक इसके बदले में IMF ने पाकिस्तान से मुल्क में ब्याज दरें, बिजली और नेचुरल गैस के दाम बढ़ाने की शर्ती रखी थी।

दिसंबर के अंत में जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पाकिस्तान में 2023 में महंगाई 29% बढ़ी। हालांकि, हर महीने महंगाई दर में कमी आई है। पाकिस्तान के सेंट्रल बैंक के चीफ जमील अहमद ने 2024 में महंगाई दर को 5%-7% के बीच रखने की उम्मीद जताई है।

पाकिस्तान में नहीं टलेंगे चुनाव
पाकिस्तान में आम चुनाव 8 फरवरी को ही होंगे। पाकिस्तान के इलेक्शन कमिशन ने वहां की सीनेट (राज्यसभा) को जानकारी दी है। सीनेट ने राजनीतिक अस्थिरता, ठंड और सुरक्षा के कारणों का हवाला देते हुए चुनाव की तारीख आगे बढ़ाने की मांग की थी। हालांकि, चुनाव आयोग ने कहा है कि सारे इंतजाम किए जा चुके हैं, अब चुनाव की तारीखों में कोई बदलाव नहीं होगा।

खबरें और भी हैं...